क्या आपने ऋतिक रोशन की- सुपर 30 फिल्म देखी है। वो फिल्म, आनंद कुमार की सच्ची कहानी पर आधारित है, जो आईआईटी-जेईई के लिए, पटना में गरीब छात्रों के लिए एक कोचिंग सेंटर चलाता है। आज हम बिहार की बात करेंगे, क्योंकि आज पूरा देश, बिहार दिवस मना रहा है। 12 दिसंबर, 1911 को ब्रिटिश इंडिया के गवर्नर लार्ड हार्डिंग ने एक अलग प्रांत के रूप में 'बिहार के गठन की, घोषणा की थी। जिसके बाद 22 मार्च 1912 को बिहार की स्थापना हुई। और उसी की याद में, हर साल 22 मार्च को बिहार डे मनाया जाता है, जिसकी शुरुआत, साल 2010 से हुई थी।
बिहार" शब्द सुनते ही आपके दिमाग में क्या आता है? निश्चय ही गरीबी, अशिक्षा, पिछड़ापन और एक अलग लहजा। लेकिन आज की हमारी स्टोरी, बिहार को लेकर आपके नजरिए को बदल देगी। 'बिहार' संस्कृत के 'विहार' शब्द से निकला है, इसका मतलब है घर। यानी सबसे अहम ऐतिहासिक शख्सियतों, खोजों और आविष्कारों का घर रहा है। कुछ जगह यह भी जिक्र मिलता है कि यह विहार शब्द, बौद्ध भिक्षुओं के विश्राम गृह के लिए कहा जाता था। बिहार, दुनिया की इकलौती ऐसी जगह है, जहां से 2 धर्मों यानी- जैन और बौद्ध धर्म का जन्म हुआ है। इतना ही नहीं, दुनिया की सबसे पुरानी यूनिवर्सिटी - नालंदा विश्वविद्यालय, भी बिहार में है। भारत के प्रसिद्ध खगोलशास्त्री और गणितज्ञ आर्यभट्ट, पटना शहर के निवासी थे। सिखों के दसवें गुरु - गुरु गोबिंद सिंह की जन्मभूमि बिहार का पटना शहर है। भारत के पहले राष्ट्रपति- श्री राजेंद्र प्रसाद भी वहीं के रहने वाले हैं। इसकी एक और खासियत यह है कि दुनिया का सबसे बड़ा वाईफाई जोन, भी पटना में है! इसकी रेंज 20 किलोमीटर है। वहीं महात्मा गांधी सेतु, यानी भारत का सबसे लंबा पुल, भी बिहार में है।
जब भोजन की बात आती है, तो आप में से कितने लोगों को बिहार का नाम सुनते ही लिट्टी-चोखा याद आता है। इतना ही नहीं, सुशांत सिंह राजपूत, नीतू चंद्रा, मनोज बाजपायी और पंकज त्रिपाठी जैसे कई बॉलीवुड सुपरस्टार, बिहार के रहने वाले हैं। बिहार को अक्सर मजदूरों की भूमि माना जाता है! आपने भी देखा होगा कि ज्यादातर राज्यों में बिहार के लोग, मजदूरी करने के लिए जाते हैं, क्योंकि वो इतने मेहनती हैं कि उन्हें छोटे-बडे़ काम से शर्म नहीं आती। अब यह जानकर हैरान मत होना कि बिहार, वो दूसरा राज्य है, जहां से सबसे ज्यादा आईएएस निकलते हैं। बिहारी लहजे की तो, बात ही कुछ और है। और खासकर पीके, गैंग्स ऑफ वासेपुर और गंगाजल जैसी कई बॉलीवुड फिल्मों में एंट्री के बाद, ये और ज्यादा फेमस हो गया है। आज, बिहार दिवस के मौके पर, द रेवोल्यूशन-देशभक्त हिंदुस्तानी, की ओर से, राज्य के सभी लोगों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं।